बांका: बिहार के बांका जिले के शंभूगंज प्रखंड स्थित विरनौधा गांव में एक शादी की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं। दुल्हन सपना कुमारी अपने जीवन के सबसे खास दिन का इंतजार कर रही थी, लेकिन बारात निकलने से ठीक पहले दूल्हे के दादा सुरेश मंडल को दिल का दौरा पड़ा, जिससे उनकी मौत हो गई। मिली जानकारी के मुताबिक, भागलपुर जिले के दिनदयालपुर गांव निवासी प्रभास मंडल के पुत्र विभाष कुमार के साथ सपना कुमारी की शादी तय हुई थी। शादी की तमाम रस्में पूरी की जा चुकी थीं। गांव में बारात के स्वागत की तैयारी थी। दुल्हन ने अपने हाथों में पिया के नाम की मेहंदी रचाई थी दुल्हन बारात आने की राह देख रही थी।
मौत की खबर से मंडप में छाया सन्नाटा
जैसे ही दूल्हे के दादा सुरेश मंडल की मौत की खबर गांव में फैली, शादी का जश्न गम में बदल गया। मंडप में बज रही शहनाइयां थम गईं और खुशी से गूंजता पंडाल सन्नाटे में डूब गया। सपना कुमारी और दोनों परिवारों पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा।
सज चुका था मंडप, बन चुका था भोज
गांव वालों ने बताया कि हलवाई खाना बना चुके थे, मंडप सज चुका था और बारात के स्वागत के लिए सारी तैयारियां पूरी थीं। लेकिन अचानक मिली इस दुखद खबर ने पूरा माहौल बदल दिया। जहां शादी का उत्साह था, वहां शोकसभा का दृश्य बन गया।
गांव में पसरा मातम, हर ओर चर्चा का विषय
यह दर्दनाक घटना शंभूगंज और आसपास के गांवों में चर्चा का विषय बन गई है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने पहली बार ऐसा देखा कि बारात निकलने से पहले ही दूल्हे के घर मातम पसर गया। लोग इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना को एक बड़ी विडंबना बता रहे हैं।